कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित, कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत से विजय प्राप्त करते हुए बीजेपी को पछाड़ा

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के 224 सीटों में से 220 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 133 सीटों पर जीत दर्ज की है और तीन सीटों पर आगे है। वहीं, भाजपा 64 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और एक पर आगे है।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं –

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी को बधाई दी है।उन्होंने कहा “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि मैं हार की जिम्मेदारी ले रहा हूं। उन्होंने कहा, “कर्नाटक चुनाव में हार के कई कारण हैं, राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते हम हर चीज का विश्लेषण करेंगे। हम अपने सभी कमियों का भी विश्लेषण करेंगे और हम लोकसभा चुनाव में फिर से वापसी करेंगे।”
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत की नींव रखेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2024 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।
कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें 29 हजार 340 वोट हासिल हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी महेश तेंगिनकाई को 64 हजार 910 वोट हासिल हुए हैं। शेट्टार पहले भाजपा में थे, लेकिन चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए।
कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद राज्य के एआईसीसी प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल (CLP) की पहली बैठक कल शाम 5:30 बजे बुलाई गई है जिसमें मुख्यमंत्री पर विचार विमर्श किया जाएगा ।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह एक बड़ी जीत है। इससे पूरे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा हमें ताना मारती थी और कहती थी कि हम कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे। अब सच्चाई यह है कि यह भाजपा मुक्त दक्षिण भारत है। उन्होंने आगे कहा कि आप सभी लोगों को इस तरह एकजुट होना चाहिए, तभी हम युद्ध जीत सकते हैं और तभी देश को बचाया जा सकता है। यदि आप हर जगह लोकतांत्रिक सरकार चाहते हैं तो हमें आने वाले चुनावों में बड़ी लड़ाई लड़नी होगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद कहा कि यह किसी की जीत नहीं है, यह राज्य की जनता की जीत है। उन्होंने आगे कहा कि जनता ने फैसला किया और कांग्रेस को चुना। इसलिए हमें 36 साल बाद 136 सीटें मिलीं। खरगे ने कहा कि अहंकार अधिक समय तक नहीं रहता। यह एक लोकतंत्र है और हमें लोगों की बात सुननी होगी और उन लोगों के सामने सिर झुकाना होगा जो हमें सही रास्ता दिखाते हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राज्य पार्टी प्रमुख डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कांग्रेस नेताओं ने बेंगलुरू में शक्ति प्रदर्शन किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “मैं कर्नाटक की जनता को बधाई देती हूं। उन्होंने पूरे देश में आज ये संदेश दिया है कि वो अपनी समस्याओं की राजनीति चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक ने देश को साबित कर दिया है कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और भी अधिक जोश के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे ।
कर्नाटक में रुझानों में कांग्रेस को बड़ा बहुमत मिलने पर राहुल गांधी का भाजपा पर तंज – राहुल ने कहा कि कर्नाटक के गरीब लोगों ने सांठगांठ वाले पूंजीपतियों को हरा दिया है। उन्होंने कहा कि हमने इस लड़ाई को नफरत से नहीं लड़ा, इसलिए यहां मोहब्बत का बाजार खुल गया है।

Share This:-

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *